रायपुर, 10 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज गोवर्धन पूजा के मौके पर जशपुर जिले के बगिया स्थित निवास में पत्नी कौशल्या साय के साथ विधि-विधान से गौमाता की पूजा की। उन्होंने गौमाता को तिलक लगाकर पूजन किया और आशीर्वाद लिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता से प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन की प्रार्थना की। साथ ही प्रदेश के खेत-खलिहान हमेशा धन-धान्य से भरे रहें, इसकी कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति, गौवंश और कृषि जीवन के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है।

उन्होंने कहा, भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन लीला के माध्यम से प्रकृति के संरक्षण, जीव-जंतुओं के प्रति करुणा और सामूहिक कल्याण का संदेश दिया था, जो आज भी उतना ही जरूरी है। भारतीय संस्कृति में गौमाता को पूजनीय स्थान मिला है। गौवंश हमारी कृषि परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा रहा है। गौसेवा सिर्फ धार्मिक आस्था नहीं है, बल्कि प्रकृति और सभी जीवों के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की हमारी सांस्कृतिक चेतना की भी अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें याद दिलाती है कि मानव जीवन की समृद्धि प्रकृति के साथ संतुलन और सहअस्तित्व में है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गौवंश की रक्षा की थी। यह कथा हमें संकट के समय एकजुटता, आपसी सहयोग और लोककल्याण की प्रेरणा देती है। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि भगवान की कृपा से छत्तीसगढ़ का हर परिवार सुखी और समृद्ध रहे, किसानों के खेतों में भरपूर फसल हो और प्रदेश लगातार प्रगति और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ता रहे।

You Missed