रायपुर, 10 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दीपावली के अवसर पर बस्तर में वीर जवानों के साथ समय बिताने को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव और सौभाग्य का विषय बताया हैं। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की जनता की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्ति मिली है। दीपावली जैसे पावन अवसर पर पीएम का जवानों के बीच पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
वहीं राहुल गांधी की टिप्पणी पर सीएम साय ने कहा कि उनकी टिप्पणी बेकार का प्रलाप है। नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की इच्छाशक्ति कांग्रेस में कभी नहीं रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पीएम मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री के संकल्प से नक्सलवाद खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की समय सीमा तय की गई थी। सीएम ने कहा, इस लड़ाई में हमारे वीर जवानों ने अदम्य साहस दिखाया। जनता का भी पूरा सहयोग मिला। बस्तर के लोग लंबे समय से नक्सलवाद से मुक्ति चाहते थे। वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते थे। नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा था, जो अब खत्म हुआ है।
सीएम साय ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस साल राज्यस्तरीय कार्यक्रम रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में होगा। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्यस्तरीय आयोजन के साथ ही प्रदेश के हर जिले में भी जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम होंगे।