रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। नवा रायपुर में हाउसिंग बोर्ड की तकनीकी प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में वित्त और आवास मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड प्रदेश के विकास का सबसे बड़ा इंजन बनेगा। अब बोर्ड सिर्फ मकान नहीं बनाएगा, बल्कि सड़क, पुल, स्टेडियम, खेल परिसर, सरकारी भवन और शहरों के पुनर्विकास जैसे बड़े काम भी करेगा।

मंत्री ने बताया कि कुछ साल पहले हाउसिंग बोर्ड गंभीर आर्थिक संकट में था। सरकार ने 700 करोड़ रुपये का कर्ज खत्म कर बोर्ड को नई मजबूती दी है। साथ ही OTS योजना लाकर लंबे समय से खाली पड़े मकानों और संपत्तियों को बेचा गया। इससे बोर्ड को बड़ी राहत मिली। अब तक करीब 8 हजार संपत्तियां बेची जा चुकी हैं और 1800 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। 2000 करोड़ से ज्यादा की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं।

मंत्री ने कहा कि पहले बिना मांग के ही प्रोजेक्ट शुरू हो जाते थे, जिससे मकान खाली रह जाते थे। अब नई व्यवस्था बनाई गई है – 3 महीने में 30% बुकिंग या कुल 60% बुकिंग होने पर ही टेंडर होगा। ताकि पैसा न फंसे। चौधरी ने कहा कि सिर्फ सरकारी बजट से विकास संभव नहीं है। इसलिए TPS और PPP जैसे नए मॉडल अपनाए जा रहे हैं।

उन्होंने सेरीखेड़ी प्रोजेक्ट का उदाहरण दिया, जहां 800 करोड़ की परियोजना में पहले 218 एकड़ जमीन की जरूरत थी, लेकिन प्रतिस्पर्धा से यह घटकर 124 एकड़ रह गई। इससे 94 एकड़ जमीन बच गई। सरकारी जमीनों के पुनर्विकास से भी आधुनिक कलेक्ट्रेट, लाइब्रेरी, पार्क, स्टेडियम जैसी सुविधाएं बिना बजट पर बोझ डाले बनाई जाएंगी।

हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि बोर्ड का अधोसंरचना विकास मंडल बनना सिर्फ नाम बदलना नहीं है, बल्कि सोच और काम करने के तरीके में बदलाव है। बोर्ड को 33 जिलों में अच्छी टाउनशिप, बगीचे, बाजार, EV चार्जिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं देनी होंगी। कार्यशाला में IIM रायपुर, NIT रायपुर और IIIT के विशेषज्ञों ने AI, ऑनलाइन प्रबंधन, मार्केटिंग और निर्माण तकनीक पर प्रशिक्षण दिया।

You Missed