रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में इस साल धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। सरकार 27.50 लाख से ज्यादा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदेगी। सरकार ने इस बार 360 नए खरीदी केंद्र खोले हैं। अब प्रदेश में कुल 3100 केंद्रों पर धान खरीदी होगी। सभी केंद्रों पर जूट के बारदानों की पर्याप्त व्यवस्था रहेगी।
जिन किसानों की एग्रीस्टैक ID बनी है और पिछले साल पंजीकृत थे, उन्हें दोबारा पंजीयन कराने की जरूरत नहीं है। उन्हें समिति में ऋण पुस्तिका भी नहीं देनी होगी। धान के रकबे का निर्धारण डिजिटल क्रॉप सर्वे से होगा और बायोमेट्रिक सिस्टम से खरीदी होगी, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। वहीं किसान ‘तुंहर टोकन’ एप से घर बैठे ऑनलाइन टोकन ले सकेंगे। यह एप प्ले स्टोर पर है और 24 घंटे चालू रहेगा।
कुल टोकन में से 70% एप से और 30% समिति से मिलेंगे। 2 एकड़ तक वालों को 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ वालों को 2 टोकन और 10 एकड़ से ज्यादा वालों को 3 टोकन मिलेंगे। एप वाले 70% टोकन में से 80% छोटे किसानों के लिए रिजर्व रहेंगे। अगर किसान एक बार में पूरा धान नहीं बेच पाता है, तो बाकी धान अगले टोकन में बेच सकेगा।
सरकार ने धान के अवैध परिवहन और पुनर्चक्रण को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदेश में 273 चेक पोस्ट और 131 सीमावर्ती केंद्रों को चिन्हांकित किया गया है। हर बोरी पर QR कोड लगेगा, जिससे उसकी ट्रैकिंग हो सकेगी। धान ढोने वाले ट्रकों में GPS लोकेशन सिस्टम लगेगा। इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर से पूरी निगरानी होगी। अति संवेदनशील केंद्रों की शिकायत 24 घंटे में, संवेदनशील की 48 घंटे में और सामान्य की 72 घंटे में निपटाई जाएगी। केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ से इस साल 73 लाख मीट्रिक टन चावल का लक्ष्य रखा है।