रायपुर, 27 अक्टूबर 2026। इस साल भी किसानों को धान बेचने के लिए सोसायटियों में लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। सरकार ने खरीफ सीजन 2026-27 में भी ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप से ऑनलाइन टोकन की सुविधा जारी रखी है। किसान गूगल प्ले स्टोर से ‘तुंहर टोकन’ एप डाउनलोड कर घर बैठे 24 घंटे कभी भी टोकन ले सकते हैं। इससे समय और मेहनत दोनों बचेगा और धान खरीदी ज्यादा आसान होगी।
2 एकड़ तक वाले छोटे किसानों को 1 टोकन, 2 से 10 एकड़ तक वाले किसानों को 2 टोकन और 10 एकड़ से ज्यादा वाले किसानों को अधिकतम 3 टोकन प्राप्त करने की सुविधा होगी। इस बार भी किसान टोकन में धान की मात्रा खुद दर्ज कर सकेंगे। अगर किसी टोकन में किसान पूरा धान नहीं बेच पाता है, तो बाकी बचा धान लैप्स नहीं होगा। वह बचा हुआ धान अगले टोकन में बेच सकेगा।सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से किसानों को बार-बार सोसायटी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और वे अपनी सुविधा से धान बेच सकेंगे।