रायपुर, 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रायपुर में छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय का आयोजन हुआ। पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में देशभर से करीब 150 उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया। यह आयोजन प्रदेश में राष्ट्रीय स्तर के उद्योग जगत की सबसे बड़ी सहभागिताओं में से एक रहा। इस मौके पर छत्तीसगढ़ को 1 लाख 6 हजार 567.8 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव मिले।

कार्यक्रम में कुल 21 औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश की प्रतिबद्धता जताई गई। इन परियोजनाओं से प्रदेश के युवाओं के लिए करीब 29 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इस इंडस्ट्री डायलॉग की सबसे बड़ी खासियत फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेशकों की खास रुचि रही। कुल 21 में से 12 परियोजनाएं यानी करीब 57 प्रतिशत परियोजनाएं इन्हीं क्षेत्रों से हैं। इनमें 10,073.03 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है, जिससे करीब 8 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। यह कुल संभावित रोजगार का करीब 27 प्रतिशत है।

ये क्षेत्र रोजगार के लिहाज से भी बेहद अहम हैं। इन क्षेत्रों में प्रति करोड़ रुपए के निवेश पर अन्य उद्योगों की तुलना में तीन गुना से ज्यादा रोजगार मिलने की संभावना है। इससे साफ है कि छत्तीसगढ़ अब सिर्फ खनिज, इस्पात और ऊर्जा जैसे परंपरागत क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजगार देने वाले नए क्षेत्रों में भी निवेशकों की रुचि तेजी से बढ़ रही है। तीसरे अध्याय की सफलता ने यह साबित किया कि छत्तीसगढ़ बड़े पैमाने पर रोजगार देने वाले उद्योगों के लिए पसंदीदा निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश में उद्योग और व्यवसाय शुरू करने के लिए सबसे सुविधाजनक राज्यों में शामिल हो रहा है। नए और उभरते क्षेत्रों में निवेशकों का विश्वास प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए मौके खोलेगा। राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए तेज फैसले, पारदर्शी प्रक्रिया और हर स्तर पर सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों को अनुमति मिलने से लेकर फैक्ट्री में उत्पादन शुरू होने तक हर संभव मदद दी जाएगी।

कार्यक्रम में केएलजे ग्रुप, आरडीबी ग्रुप, लिबर्टी शूज, प्रासिल इंडस्ट्रीज और ऑगमेंट न्यूट्रिएंट्स सहित कई बड़े औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से सीधे संवाद कर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में आने वाला हर निवेश जल्द जमीन पर उतरे और प्रदेशवासियों, खासकर युवाओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा करे।

You Missed