रायपुर, 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सुहेला में आयोजित विकास संकल्प तिहार में जिलेवासियों को 459 करोड़ 45 लाख रुपए की लागत के 275 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 316 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 178 कार्यों का भूमिपूजन और 142 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत के 97 कार्यों का लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सुहेला में शासकीय महाविद्यालय का शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों की करीब दो दशक पुरानी मांग पूरी की। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता सामग्री और चेक बांटे तथा अच्छा काम करने वाले नागरिकों और युवाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा की मांग पर सुहेला में मांगलिक भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपए, नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए, सुहेला तहसील के 20 विद्यालयों में प्रार्थना शेड निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए और बलौदाबाजार में शहीद वीर नारायण सिंह चौक के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर वन, पंचायत, कृषि, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और कौशल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया।
वन विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने तेंदूपत्ता संग्राहक हेमलाल, राजकुमार और तुकेश ध्रुव को क्रमशः 15 हजार 411 रुपए, 22 हजार 976 रुपए और 21 हजार 15 रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक दिए। पंचायत विभाग के स्टॉल पर उत्कृष्ट काम के लिए पांच सोलर दीदियों को सम्मानित किया गया। कृषि विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने किसानों को गेहूं और सरसों के बीज बांटे। साथ ही 10 किसानों को 50 लाख रुपए से अधिक की राशि के चेक दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर पांच बच्चों को सुपोषण टोकरी दी गई।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 10 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र दिए। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से तीन दिव्यांग हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर दी गईं। भारत माता वाहिनी समूह के 10 सदस्यों को सीटी, टोपी, लाठी और टॉर्च दी गई। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर छह हितग्राहियों को चश्मे, तीन को आयुष्मान वय वंदन कार्ड और तीन को आयुष्मान कार्ड दिए गए। कौशल विकास विभाग के ‘हम होंगे कामयाब 2.0’ कार्यक्रम में जिले के 53 युवाओं को सम्मानित किया गया।
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में बलौदाबाजार विकासखंड में 88 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से लटुआ-पनगांव बायपास मार्ग निर्माण, सुहेला में 23 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से सुहेला तिराहा के तीन मार्गों पर डिवाइडर और प्रकाश व्यवस्था सहित सड़क निर्माण और सिमगा विकासखंड में 8 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत से हथबंद-जांगड़ा सड़क निर्माण शामिल हैं। इसी तरह भाटापारा विकासखंड में 6 करोड़ 30 लाख रुपए की लागत से दतरेंगा से बिजराडीह तक पुल-पुलियों सहित 6.20 किमी सड़क निर्माण और 5 करोड़ 66 लाख रुपए की लागत से तुरमा-खैरी सड़क निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया।
लोकार्पित कार्यों में भाटापारा विकासखंड में 65 करोड़ 41 लाख रुपए की लागत से खपरी-सिलवा-करहीबाजार सड़क का चौड़ीकरण, 9 करोड़ 69 लाख रुपए की लागत से भाटापारा-सुहेला-हिरमी-मोहरा मार्ग का डामरीकरण, पलारी में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से आईटीआई भवन का निर्माण, बलौदाबाजार के ग्राम घुलघुल में 3 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से मल्लीन नाला पर स्टॉपडेम और कसडोल के ग्राम मटिया में 3 करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से मटिया नाला पर स्टॉपडेम निर्माण प्रमुख हैं। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में आवागमन, शिक्षा, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।