रायपुर, 20 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर स्थित महालेखाकार आवासीय परिसर के सामुदायिक भवन में आयोजित ऑडिट पखवाड़ा 2026 के शुभारंभ समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों को ऑडिट दिवस और ऑडिट पखवाड़े की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी लगाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लेखा एवं लेखा परीक्षा से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी पर्दे के पीछे रहकर शासन की वित्तीय रीढ़ को मजबूती देते हैं। उनका काम सिर्फ आय-व्यय का हिसाब रखना नहीं, बल्कि सार्वजनिक संसाधनों के प्रति जवाबदेही तय करते हुए शासन की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना भी है। लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है। मुख्यमंत्री ने सभी विभागों से उपयोगिता प्रमाणपत्र समय पर देने, अधिकारियों के बैंक खातों में पड़ी बिना खर्च हुई राशि का नियमानुसार उपयोग या समायोजन सुनिश्चित करने और लेखा परीक्षा रिपोर्टों तथा विधानसभा की लोक लेखा समिति की सिफारिशों पर समय पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि किसी बैंक खाते में अटकी हुई राशि सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। वह किसी गांव की सड़क, किसी बच्चे की पढ़ाई, किसी किसान की जरूरत या किसी मरीज के इलाज के लिए स्वीकृत धनराशि हो सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि जनकल्याण के लिए स्वीकृत हर राशि का तय उद्देश्य के अनुसार समय पर उपयोग हो और उसका असली लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। राज्य सरकार को अपनी कार्यसंस्कृति का आधार बनाकर पारदर्शिता, जवाबदेही और आधुनिक तकनीक को लगातार बढ़ावा दे रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेश में अलग से सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय साल 2026-27 के लिए सरकार ने करीब एक लाख 70 हजार करोड़ रुपए का बजट तय किया है। यह बजट सिर्फ आय-व्यय का विवरण नहीं, बल्कि प्रदेश के करीब तीन करोड़ लोगों की उम्मीदों का प्रतिबिंब है। इसका हर रुपया शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याण के माध्यम से छत्तीसगढ़ के भविष्य को संवारने से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के सभी 35 कोषालयों में ई-प्रांप्स और ई-वाउचर व्यवस्था लागू की गई है। 1 अप्रैल 2026 से पूरे प्रदेश में डिजिटल भुगतान की नई व्यवस्था लागू होने से वित्तीय प्रक्रियाएं और सरल और पारदर्शी हुई हैं। एकीकृत वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली (IFMIS) नेक्स्ट जेन 2.0 के अलग-अलग मॉड्यूल भी चरणबद्ध तरीके से लागू किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों की माप पुस्तिका से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया ऑनलाइन करने के लिए डिजिटल व्यवस्था को मंजूरी दी गई है। इससे निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और खर्च की प्रभावी निगरानी हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने डेटा आधारित लेखा परीक्षा को समय की जरूरत बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डेटा विश्लेषण से वित्तीय जोखिमों और प्रक्रियागत कमियों की बेहतर पहचान की जा सकती है।
मुख्यमंत्री ने वित्तीय साल 2025-26 में प्राप्तियों और व्यय का शत-प्रतिशत मिलान, अनुदानों के उपयोगिता प्रमाणपत्रों की शत-प्रतिशत प्राप्ति और अग्रिम लेखों के 99.9 प्रतिशत समायोजन को बड़ी उपलब्धि बताते हुए महालेखाकार कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण सिर्फ संसाधनों की उपलब्धता से नहीं, बल्कि उनके सही नियोजन, पारदर्शी उपयोग और प्रभावी क्रियान्वयन से होगा। शासन के हर स्तर पर वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दोनों महालेखाकार कार्यालयों को उनके काम में हरसंभव सहयोग देगी। ऑडिट पखवाड़े के तहत 25 और 26 नवंबर को राज्य सरकार के अधिकारियों, कोषालय अधिकारियों, आहरण एवं संवितरण अधिकारियों और पेंशनरों के लिए विशेष कार्यशालाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही लेखा-जोखा ही सुशासन की पहली सीढ़ी है और विकसित छत्तीसगढ़ का रास्ता पारदर्शिता और जवाबदेही से होकर जाता है।