रायपुर, 20 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2002 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव वेतनमान (Pay Matrix Level-15) में पदोन्नत किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दोनों अधिकारियों की नई पदस्थापना भी तय कर दी है।
डॉ. रोहित यादव को वित्त विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया। जारी आदेश के मुताबिक डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग के साथ-साथ प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार और अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का दायित्व भी दिया गया है। वे अभी तक सचिव, वित्त विभाग और सचिव, जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त प्रभार के साथ अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का काम देख रहे थे।
इसी तरह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। वे अभी तक सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर कार्यरत थे। बता दें कि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली ने 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए 2 पद रिक्त बताए थे। इसी आधार पर राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को दोनों वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को पदोन्नत करते हुए नया पदस्थापना आदेश जारी किया है।