रायपुर, 8 अगस्त 2026। राज्य सरकार ने बेमेतरा जिले के नांदघाट से मुंगेली जिला मुख्यालय तक पहले से मंजूर टू-लेन सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि मंजूर की है। सरकार ने साल 2024 में CRIF योजना के तहत टू-लेन नांदघाट-मुंगेली मार्ग के निर्माण के लिए 116 करोड़ रुपए दिए थे। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इस सड़क को टू-लेन से फोरलेन में बदलने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। उनके निर्देश के बाद राज्य सरकार ने नांदघाट-मुंगेली मार्ग को टू-लेन से फोरलेन में बदलने के लिए 21 करोड़ 81 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि मंजूर की है।
पहले मंजूर 116 करोड़ और गुरुवार को मंजूर 21 करोड़ 81 लाख को मिलाकर अब कुल 137 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से नांदघाट और मुंगेली के बीच 36.40 किमी लंबी फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इलाके के लोग लंबे समय से नांदघाट-मुंगेली रोड को फोरलेन बनाने की मांग कर रहे थे। राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त राशि मंजूर करने से लोगों की एक बड़ी मांग पूरी हो रही है।
इस रोड के फोरलेन बनने से मुंगेली, लोरमी, पंडरिया और पंडरिया होते हुए मध्यप्रदेश के लोगों का राजधानी रायपुर आना-जाना तेज, आसान और सुरक्षित हो जाएगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री और नवागढ़ के विधायक दयालदास बघेल ने नांदघाट-मुंगेली सड़क के फोरलेन बनने पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।