रायपुर, 08 अगस्त 2026। भारत सरकार के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) द्वारा मंत्रालय महानदी भवन में छत्तीसगढ़ में बाढ़ से निपटने और तैयारी को लेकर एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के आपदा प्रबंधन नोडल अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति से कैसे निपटना है और क्या-क्या काम करने हैं, इसकी पूरी जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण राज्य के सभी जिलों में बाढ़ से निपटने की तैयारी जांचने के लिए 18 अगस्त को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज कराएगा। इसके बाद 20 अगस्त को बड़ा मॉक एक्सरसाइज किया जाएगा।राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने जिला आपदा प्रबंधन के अधिकारियों को कहा कि वे टेबल टॉप एक्सरसाइज में होने वाली सभी प्रक्रियाओं को अच्छे से समझ लें। उन्होंने कहा कि असल में बाढ़ आने पर जल्दी राहत और बचाव काम के लिए ये अभ्यास बहुत जरूरी होगा।
बैठक में बाढ़ के समय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लोक निर्माण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और पशुपालन जैसे विभागों के बीच तालमेल से किए जाने वाले कामों पर विस्तार से बात हुई। इस बड़ी बैठक में नगर सेना, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा और SDRF के महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पुलिस मुख्यालय), रेल मंडल प्रबंधक (रायपुर डिवीजन), NDRF कमांडेंट, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के निदेशक, विज्ञान केंद्र, दूरसंचार, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के साथ-साथ राज्य सरकार के पंचायत, ऊर्जा, जल संसाधन, लोक निर्माण, परिवहन और खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।