रायपुर, 12 अगस्त 2026। आदिम जाति और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के लोगों की लंबे समय से चली आ रही एक जरूरी मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आज सुबह दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने पत्र देकर बलरामपुर जिला मुख्यालय में जल्द रेलवे रिजर्वेशन काउंटर शुरू कराने का अनुरोध किया। मंत्री रामविचार नेताम की मांग पर केंद्रीय रेल मंत्री ने हामी भरते हुए जल्द मांग पूरी करने का आश्वासन दिया। रेलवे काउंटर बनने से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

मंत्री नेताम ने अपने पत्र में लिखा है कि सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर की सुविधा नहीं है। इसकी वजह से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, नौकरी करने वाले लोगों, व्यापारियों और मरीजों सहित हजारों यात्रियों को टिकट बुक कराने के लिए दूसरे शहरों जाना पड़ता है। इससे समय और पैसा दोनों की बर्बादी होती है और लोगों को बेकार में परेशानी उठानी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग और जनप्रतिनिधि लंबे समय से जिले में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने की मांग कर रहे हैं। आबादी, बढ़ती यात्रा की जरूरत और क्षेत्र के विकास को देखते हुए अब ये सुविधा देना बहुत जरूरी हो गया है। नेताम ने केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया कि लोगों के हित और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए बलरामपुर जिला मुख्यालय में रेलवे रिजर्वेशन काउंटर खोलने के लिए जरूरी निर्देश जारी किए जाएं। इससे जिले के हजारों यात्रियों को बेहतर रेलवे सेवा मिलेगी और उन्हें टिकट बुक कराने के लिए दूर के शहरों नहीं जाना पड़ेगा।

You Missed