रायपुर 10 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के युवाओं के हित में बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। शिक्षक भर्ती परीक्षा और सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर मुख्य परीक्षा की तारीखें एक साथ पड़ने से अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी को मुख्यमंत्री ने गंभीरता से लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परीक्षा की तारीखें बदलने के निर्देश दिए थे। इसके बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 की नई तारीखें घोषित कर दी हैं।
बता दें कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 की प्रारंभिक लिखित परीक्षा का रिजल्ट 04 अगस्त 2026 को जारी किया था। इसके साथ मुख्य परीक्षा के लिए 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 की संभावित तारीखें तय की गई थीं। इसी समय 25 अक्टूबर 2026 को शिक्षक भर्ती परीक्षा भी होनी थी। इसकी वजह से दोनों परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकरा रही थीं। इससे दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के सामने किसी एक परीक्षा छोड़ने की नौबत आ गई थी।
अभ्यर्थियों की इस समस्या की जानकारी जब मुख्यमंत्री को मिली तो उन्होंने तुरंत अधिकारियों को युवाओं के हित में इसका हल निकालने के निर्देश दिए। अब छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा की तारीखें बदल दी हैं। अब सूबेदार/उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर (मुख्य) परीक्षा-2024 का आयोजन 02, 03 और 04 नवम्बर 2026 को होगा। मुख्यमंत्री ने कहा, युवाओं का हित हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का हर मौका मिले और सिर्फ परीक्षा की तारीखें टकराने की वजह से कोई भी योग्य अभ्यर्थी मौका न गंवाए, ये सुनिश्चित करना हमारा काम है।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने मुख्य परीक्षा के लिए चुने गए अभ्यर्थियों को अलग से ऑनलाइन आवेदन करने की सलाह दी है। इस बारे में पूरी जानकारी आयोग जल्द ही अलग से जारी करेगा। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे आयोग की वेबसाइट देखते रहें।