रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। मुख्य सचिव विकासशील ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देने और सभी विभागों को जिम्मेदारी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। आज मंत्रालय महानदी भवन में उनकी अध्यक्षता में उच्च अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर जरूरी निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में अब तक लगभग दो लाख शिकायतें दर्ज हुई हैं। सभी विभाग शिकायतों की गंभीरता से समीक्षा करें और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन कराएं।

उन्होंने कहा कि निराकरण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिकों की समस्या का वास्तविक समाधान होना चाहिए। अधिकारियों को शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग और निराकरण की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में आगामी धान खरीदी नीति और जल जीवन मिशन से जुड़े बचे हुए बिंदुओं को समय पर पूरा करने पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने सभी बिंदुओं की समीक्षा कर कमियों को दूर करने और कार्ययोजना को व्यवस्थित रूप से अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। जल उपयोगिता से जुड़े विषयों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा और उस पर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्लानिंग एरिया में अनुमति, TSP एक्ट और प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। पारस पोर्टल के एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा हुई। आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को बिना देरी के आगे बढ़ाने और जल जीवन मिशन व अमृत 2.0 सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पेंशन और प्रशिक्षण से जुड़े विषयों की भी समीक्षा हुई।

मुख्य सचिव ने कहा कि कर्मचारी चयन मंडल के जरिए भर्ती के लिए सभी विभाग अपने प्रस्ताव समय पर भेजें। सभी विभाग अपने विषयों और प्रस्तावों की सावधानी से जांच करें। सेवा सेतु, नियामकीय प्रावधानों और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के दायरे से बाहर रह गई प्रीडिसेसर सर्विसेज को इसके तहत लाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास और बेहतर प्रबंधन पर चर्चा हुई।

आधुनिक तकनीक, लैंडस्केपिंग, हरित क्षेत्र के प्रबंधन और पर्यटकों की सुविधाओं के अध्ययन पर जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने सुनियोजित विकास, आकर्षक स्वरूप और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जंगल सफारी के प्रबंधन और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया।

You Missed