रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। राज्य के युवाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बड़ी सौगात मिली है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से छत्तीसगढ़ को पहले शासकीय होम्योपैथी कॉलेज की मान्यता मिली है। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग, नई दिल्ली के अंतर्गत मेडिकल असेसमेंट बोर्ड (MARBH) ने नवा रायपुर स्थित यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BHMS (बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी) की 63 सीटों पर प्रवेश की सशर्त अनुमति दी है।

आयोग द्वारा 12 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, नवा रायपुर के सेक्टर-40, उपरवारा, अटल नगर स्थित इस कॉलेज में 63 सीटों पर नए BHMS कोर्स को चलाने की अनुमति राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग अधिनियम, 2020 की धारा 29 के तहत दी गई है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नवा रायपुर में राज्य के पहले शासकीय होम्योपैथी महाविद्यालय को प्रवेश की अनुमति मिलना आयुष शिक्षा के विस्तार की दिशा में बड़ी प्रगति है।

इससे प्रदेश के विद्यार्थियों को होम्योपैथी में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे। मानकों के अनुरूप शैक्षणिक और अस्पताल की सुविधाओं के विकास से आगे चलकर पढ़ाई और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि आयुष पद्धतियों को बढ़ावा देने और चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर बनाने की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि है।

नए होम्योपैथी कॉलेज में 63 सीटों पर प्रवेश की अनुमति से छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों को होम्योपैथी की पढ़ाई का नया अवसर मिलेगा। इससे प्रदेश में प्रशिक्षित होम्योपैथिक डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी और होम्योपैथी स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। यह प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के लिए संस्थागत ढांचा विकसित करने की दिशा में अहम कदम है।

राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के बोर्ड ने कॉलेज की स्थापना और BHMS कोर्स शुरू करने के आवेदन की जांच की। आयोग ने 21 और 22 जुलाई 2026 को कॉलेज का निरीक्षण किया। इसके बाद 7 सितंबर 2026 को सुनवाई हुई। निरीक्षण रिपोर्ट, उपलब्ध संसाधनों और अनुपालन रिपोर्ट की जांच के बाद 12 अक्टूबर 2026 को सशर्त अनुमति जारी की गई।

कॉलेज में प्रवेश नीट (NEET) में पास हुए छात्रों के माध्यम से ही होगा। कुल 63 सीटों में से 15% सीटें अखिल भारतीय कोटे की होंगी, जबकि बाकी 85% सीटों पर राज्य की काउंसलिंग संस्था द्वारा नियमानुसार प्रवेश होगा। स्वीकृत सीटों में EWS वर्ग की सीटें भी शामिल हैं। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित विद्यार्थियों की सूची राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग को भेजी जाएगी।

You Missed