रायपुर, 28 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने मुलाकात की। टीम ने सीएम को स्मृति चिन्ह भेंट किया। सीएम ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि राज्योत्सव में उनका आना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सीएम साय ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा का जज्बा बढ़ाएगा। स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर से भारत की तकनीकी ताकत भी दिखेगी।

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंद लेक में सुबह 11 बजे एयर शो होगा। 5 हेलीकॉप्टर आसमान में अद्भुत करतब, सामूहिक उड़ान और आकर्षक संरचनाएं दिखाएंगे। यह राज्योत्सव का मुख्य आकर्षण होगा। टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार कर रहे हैं। टीम में दो महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं।

ग्रुप कैप्टन ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल होना गर्व की बात है। दुनिया में हेलीकॉप्टर से एयरोबैटिक शो करने वाली सिर्फ 3 टीमें हैं, उनमें सारंग भी एक है। उन्होंने युवाओं से कहा – सपनों की उड़ान के लिए पूरा आसमान खुला है, बस मेहनत और अनुशासन जरूरी है। सारंग टीम भारत में बने ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर से उड़ान भरती है। इनका रंग-बिरंगा डिजाइन राष्ट्रीय पक्षी मोर से प्रेरित है। यह ‘आत्मनिर्भर भारत’ की मिसाल है।

सीएम ने कहा कि टीम में महिला पायलटों का होना प्रदेश की बेटियों को प्रेरित करेगा। यह दिखाता है कि बेटियां हर क्षेत्र में ऊंचाई छू सकती हैं। यह एयर शो युवाओं को साहस, अनुशासन और टीम भावना का संदेश देगा और राज्योत्सव को यादगार बनाएगा।

You Missed