जशपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा उन लोगों से है, जिन्होंने अपने स्वार्थ के लिए लोकतंत्र को कमजोर किया है। जशपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा – जिस कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा, नेताओं को जेल में डाला और मीडिया की आजादी छीन ली, आज वही कांग्रेस लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है। इससे बड़ा मजाक क्या होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल में गैर-कांग्रेसी नेताओं को जेल में डाला, प्रेस की आजादी पर रोक लगाई। कई बार अनुच्छेद 356 का गलत इस्तेमाल कर जनता की चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। आज वही कांग्रेस लोकतंत्र की दुहाई दे रही है, यह राजनीतिक अवसरवाद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हार को स्वीकार करने के बजाय संस्थाओं पर सवाल उठाती है। कभी वोट चोरी का आरोप, कभी SIR पर सवाल, कभी EVM और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दोहरी नीति यही है – जब चुनाव जीतती है तो उसी EVM और उसी चुनाव आयोग पर भरोसा होता है, और जब हारती है तो हार का ठीकरा संस्थाओं पर फोड़ देती है। यह कांग्रेस की हताशा को दिखाता है। इसी दोहरी राजनीति को जनता के सामने लाने के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जा रही है।
महादेव सट्टा ऐप मामले में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को विदेश से लाया गया है। अब CBI उससे पूछताछ करेगी, जिससे कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। जांच में इस अवैध कारोबार से जुड़े और लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है। वहीं अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को हीरो बताने पर मुख्यमंत्री ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान उनकी सोच और मानसिकता को दिखाते हैं। ऐसे व्यक्ति को हीरो बताने के पीछे कैसी सोच है, इसका फैसला प्रदेश की जनता खुद करेगी।