जशपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर पुलिस लाइन में हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। सड़क हादसों को रोकने और लोगों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जशपुर पुलिस ने यह नई पहल शुरू की है। हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट रखे गए हैं। अगर किसी को अचानक कहीं जाना है और उसके पास हेलमेट नहीं है, या खरीदने के पैसे नहीं हैं, तो उसे यहां से अस्थायी रूप से हेलमेट मिलेगा। काम पूरा होने के बाद व्यक्ति अपना हेलमेट लेकर आएगा और बैंक वाला हेलमेट वापस जमा करेगा। इसके साथ ही उसे सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े छोटे से सेवा कार्य में पुलिस की मदद भी करनी होगी।

जशपुर पुलिस बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान भी चला रही है। बिना हेलमेट पकड़े जाने पर वाहन जब्त किया जा रहा है। नया हेलमेट खरीदकर रसीद दिखाने पर बिना चालान के वाहन छोड़ दिया जा रहा है। इसका मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों में हेलमेट पहनने की आदत डालना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा सिर्फ नियम नहीं, बल्कि खुद और परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी है। हादसों में सिर में चोट लगने से कई लोगों की जान जाती है। हेलमेट पहनने से गंभीर चोट और मौत का खतरा काफी कम हो जाता है।

उन्होंने लोगों से अपील की हैं कि बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, कार में सीट बेल्ट जरूर लगाएं और सड़क सुरक्षा को रोज की आदत बनाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू हुई यह पहल जिले में सुरक्षित यातायात की संस्कृति बनाएगी।

You Missed