रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज अंतर्राष्ट्रीय कलाकार दिवस पर दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बानबरद में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने महान लोक कलाकार पद्म विभूषण तीजन बाई को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कला से छत्तीसगढ़ की पंडवानी को दुनिया में पहचान दिलाई। पंडवानी में कलाकार महाभारत की कथा को गायन और अभिनय से जीवंत करता है।

उन्होंने कहा कि तीजन बाई की स्मृतियों को बनाए रखने के लिए सरकार कई पहल कर रही है। उनके गृह ग्राम गनियारी को कला ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा और वहां के हाईस्कूल का नामकरण तीजन बाई के नाम पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इसी साल से राज्योत्सव के अवसर पर तीजन बाई के नाम पर लोककला अलंकरण दिया जाएगा। यह अलंकरण उनकी कला-साधना का सम्मान होगा और लोक कलाकारों को प्रेरणा देगा।

उन्होंने कहा कि ज्ञानश्रोत कला मंच 46 सालों से लोककला के संरक्षण का कार्य कर रहा है, जो बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने पद्मश्री डॉ. उषा बारले और मंच के सभी सदस्यों को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ी सिनेमा और कलाकारों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ फिल्म विकास बोर्ड का गठन किया गया है और नवा रायपुर में फिल्म सिटी बनाई जा रही है। इससे कलाकारों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने पंडवानी महासम्मेलन में शामिल 70 दलों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इनमें पंडवानी, पंथी और आदिवासी नृत्य दल शामिल हैं। साथ ही उन्होंने मिडिल स्कूल बानबरद को हाईस्कूल में उन्नयन करने और अहिवारा रेलवे क्रॉसिंग से अटल परिसर तक बीटी रोड बनाने की भी घोषणा की। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि पंडवानी, पंथी, भरथरी, ददरिया और सुवा जैसी लोकविधाएं हमारी सांस्कृतिक आत्मा हैं। इन्हें जीवित रखना जरूरी है।

You Missed