जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक मुरिया दरबार में कहा कि आदिवासी समाज की परंपरागत व्यवस्था सामाजिक एकता, न्याय और सुशासन का बेहतरीन उदाहरण है। राष्ट्रपति ने कहा कि समय के साथ शासन और कानून बदलते रहे, लेकिन आदिवासी समाज ने अपनी परंपराओं और अलिखित संविधान को पीढ़ियों से जीवित रखा है। यह किसी किताब में नहीं लिखा, लेकिन समाज आज भी इसका पालन करता है।
भावुक होते हुए राष्ट्रपति ने कहा, मैं भी आप लोगों में से एक हूं। मेरे दादाजी मांझी थे, पिताजी भी मांझी थे, भाई भी मांझी थे। मैं एक मांझी की बेटी हूं, गांव के मुखिया की बेटी हूं। अपनी संस्कृति और परंपराओं से मेरा गहरा जुड़ाव है। गांव में विवाद होने पर लोग मांझी के पास जाते हैं। मांझी सभी पक्षों को सुनकर आपसी सहमति से समाधान निकालते हैं। गांव स्तर पर समाधान न होने पर मामला पीड़ परगना और फिर देश परगना में जाता था। पहले 50-52 गांवों को मिलाकर एक पीड़ बनता था। कई बार समाधान के लिए 7-8 दिन तक लगातार बैठकें चलती थीं। यह एकता और आपसी विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि आज की न्याय व्यवस्था में पुलिस, थाना और कोर्ट में कई साल लग जाते हैं और धन भी खर्च होता है। जहां संभव हो, समाज को आपसी बातचीत और पारंपरिक व्यवस्था से विवाद सुलझाने का प्रयास करना चाहिए। आदिवासी समाज में ग्राम देवी-देवताओं की पूजा, मिल-जुलकर विवाह, पर्व-त्यौहार मनाना और नाच-गाना सामूहिकता की पहचान है। यही सामूहिकता इस संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत है।
राष्ट्रपति ने कहा कि नक्सलवाद जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए समाज को एकजुट होना होगा। बाहरी लोग अगर समाज में अशांति फैलाने की कोशिश करें तो सबको मिलकर सामना करना चाहिए। संगठित समाज को कोई बुरी ताकत कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय भी आदिवासी समाज ने अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया था। सरकार आदिवासी समाज के विकास के लिए काम कर रही है और आगे भी करेगी।
राष्ट्रपति ने कहा कि समाज की पहचान उसकी संस्कृति से होती है। चाहे सरकारी रिकॉर्ड में इन परंपराओं का जिक्र हो या न हो, समाज को इन्हें जीवित रखना चाहिए। इनमें भाईचारा, प्रेम और न्याय की भावना है। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, बस्तर दशहरा समिति के अध्यक्ष व सांसद महेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में मांझी-चालकी, मेंबर-मेंबरिन और ग्रामीण उपस्थित थे।