रायपुर, 1 नवंबर 2026। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में शामिल हुए। मांडविया ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यकम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, विकसित छत्तीसगढ़ से ही विकसित भारत का सपना पूरा होगा। पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है, जिसमें छत्तीसगढ़ की बड़ी भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ बनाकर विकास की नींव रखी थी, जिसे आज सीएम विष्णु देव साय आगे बढ़ा रहे हैं। पहले बस्तर की पहचान नक्सलवाद से थी, आज वहां खेल, पर्यटन और निवेश की नई संभावनाएं बन रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अटल जी ने राज्य निर्माण का वादा किया और 1 नवंबर 2000 को उसे पूरा किया। उस समय सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, आज काफी विस्तार हुआ है। डॉ. रमन सिंह के समय PDS मजबूत हुआ।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद खत्म हुआ है। बस्तर अब शांति और विकास की ओर बढ़ रहा है। सरकार दूरस्थ गांवों तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य पहुंचा रही है। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि पंडवानी, पंथी, ददरिया जैसी लोककलाएं प्रदेश की पहचान हैं। तीजन बाई के नाम पर राज्य अलंकरण शुरू किया गया है। चित्रकोट, सिरपुर, राजिम, मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों से रोजगार के नए अवसर बनेंगे।