रायपुर, 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए।
1. हर घर को मिलेगा शुद्ध पेयजल, नए नलजल नियम मंजूर
कैबिनेट ने प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में हर परिवार को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शुद्ध पेयजल देने के लिए ‘छत्तीसगढ़ पंचायत (ग्रामीण नलजल संचालन, संधारण एवं प्रबंधन) नियम, 2026’ के प्रारूप को मंजूरी दी। इसके तहत पुराने 2024 के नियमों को खत्म कर जल जीवन मिशन के राष्ट्रीय मानकों के अनुसार नए नियम लागू किए जाएंगे। नए नियमों में केंद्र सरकार के सुझाए गए सभी 19 तकनीकी, प्रशासनिक और वित्तीय बिंदुओं को शामिल किया गया है। इससे ग्राम पंचायतों के माध्यम से नलजल योजनाओं का नियमित संचालन, रखरखाव और बेहतर प्रबंधन होगा।
छोटी पंचायतों को मिलेगी आर्थिक मदद
एक हजार से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों में नलजल योजनाओं के संचालन के लिए ‘मुख्यमंत्री नल जल अनुदान’ के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए पंचायतों को हर माह कम से कम 50 प्रतिशत जल प्रभार वसूल करना होगा।सालाना जल प्रभार की 75 प्रतिशत से ज्यादा राशि वसूल करने वाली ग्राम पंचायतों को हर साल 50 हजार रुपए ‘मुख्यमंत्री नल जल प्रोत्साहन राशि’ दी जाएगी। इस फैसले से छोटी पंचायतों पर आर्थिक बोझ कम होगा और गांवों में नियमित शुद्ध पेयजल मिलना सुनिश्चित होगा।
2. अबूझमाड़ के छात्रों को मिलेगी उच्च शिक्षा, रामकृष्ण मिशन कॉलेज को 40.98 करोड़ का अनुदान
कैबिनेट ने मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार नारायणपुर में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के अबूझमाड़िया छात्रों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर देने के लिए बड़ा फैसला लिया। रामकृष्ण मिशन आश्रम द्वारा संचालित रामकृष्ण मिशन स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय को तीन साल के लिए आवर्ती और अनावर्ती अनुदान देने का निर्णय लिया गया। इसके लिए छत्तीसगढ़ अशासकीय महाविद्यालय और संस्था अधिनियम, 2006 के नियमों में छूट को मंजूरी दी गई।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू इस महाविद्यालय के संचालन और भवन निर्माण के लिए तीन सालों में करीब 40.98 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे अबूझमाड़ सहित दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी।
3. राजनांदगांव में बनेगा बाल सम्प्रेक्षण गृह
कैबिनेट ने राजनांदगांव जिले में बाल सम्प्रेक्षण गृह भवन के निर्माण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके तहत राजनांदगांव तहसील के ग्राम कौरिनभांठा में खसरा नंबर 284 की 0.223 हेक्टेयर यानी 24,090 वर्गफीट जमीन दी जाएगी। नए सम्प्रेक्षण गृह के बनने से कानून से संघर्षरत बच्चों के लिए सुरक्षित आवास, देखभाल, परामर्श, शिक्षा और पुनर्वास की सुविधाएं मजबूत होंगी।
4. राजनांदगांव में खुलेगा माध्यमिक शिक्षा मंडल का संभागीय कार्यालय
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के राजनांदगांव में संभागीय कार्यालय की स्थापना के लिए जमीन देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके तहत राजनांदगांव शहर के बल्देव बाग स्थित स्टेट हाईस्कूल परिसर की 264 वर्गमीटर जमीन माध्यमिक शिक्षा मंडल को दी जाएगी। इस कार्यालय के खुलने से छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों को मंडल से जुड़ी सेवाएं स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सकेंगी।