नई दिल्ली, 20 नवंबर 2026। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शुक्रवार की शाम छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के रंगों से सराबोर रही। छत्तीसगढ़ राज्य दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक समारोह में प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक नृत्यों और लोक संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह ने राष्ट्रीय राजधानी में छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, समृद्ध जनजातीय परंपराओं और जीवंत लोक कलाओं की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।
भारत मंडपम के एम्फी थिएटर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण प्रदेश के लोक कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं। पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सजे कलाकारों ने अपनी नृत्य मुद्राओं, लोक संगीत की मधुर धुनों और तालबद्ध प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को जीवंत कर दिया। मांदर, ढोल और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज के बीच कलाकारों की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण में उत्सव का रंग भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में गौर नृत्य के माध्यम से बस्तर की जनजातीय परंपराओं की झलक देखने को मिली, वहीं गौरा-गौरी नृत्य ने प्रदेश की लोक आस्था और परंपराओं से दर्शकों को परिचित कराया। भोजली नृत्य में छत्तीसगढ़ की कृषि संस्कृति और प्रकृति के प्रति लोक आस्था की अभिव्यक्ति हुई। राउत नाचा ने प्रदेश की लोक परंपराओं को आकर्षक ढंग से पेश किया।
सुआ नृत्य में छत्तीसगढ़ की महिलाओं की लोक परंपराओं और सामूहिक सांस्कृतिक जीवन की झलक दिखी। पंथी नृत्य के माध्यम से सतनामी समाज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रदर्शन हुआ, जबकि करमा नृत्य ने प्रकृति और सामूहिक उत्सव की भावना को जीवंत कर दिया। अलग-अलग अंचलों की इन लोक नृत्य शैलियों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को एक ही मंच पर पेश किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों और उद्यमियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने बस्तर की पारंपरिक बेलमेटल कला, चांपा के कोसा सिल्क, जनजातीय आभूषणों, हथकरघा वस्त्रों और वनोपज आधारित उत्पादों को देखा। उन्होंने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट उत्पादों की भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने पवेलियन में चित्रकोट जलप्रपात के 3डी वर्चुअल रियलिटी अनुभव की विशेष सराहना की। इस तकनीक से आगंतुकों को बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात की प्राकृतिक सुंदरता का आभासी अनुभव कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को दिखाना पर्यटन को बढ़ावा देने का एक नया प्रयास है।