रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान को लेकर छत्तीसगढ़ में अलर्ट जारी किया गया है। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने मौसम को देखते हुए किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम अगले कुछ घंटों में चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इस दौरान 115 से 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है।
इसके असर से छत्तीसगढ़ में 25 से 29 अक्टूबर तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खासकर 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश का अलर्ट है। 25 अक्टूबर को बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा में अत्यधिक भारी बारिश, वहीं रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, राजनांदगांव में भारी बारिश की संभावना है। 26 अक्टूबर को दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर, बस्तर, बीजापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश होगी। 27 से 29 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा।
किसानों के लिए सलाह-
1. धान, दलहन, तिलहन की फसल पक गई है तो 2-4 दिन कटाई रोक दें।
2. कटी हुई फसल को तुरंत सुरक्षित जगह पर रखें।
3. खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था रखें, ताकि जलभराव न हो।
4. रोग या कीट दिखने पर बारिश रुकने के बाद ही दवा का छिड़काव करें।
5. रबी फसलों की बुवाई नवंबर के पहले हफ्ते से शुरू करें।
6. सब्जी उत्पादक – करेला, लौकी जैसी लता वाली फसलों और केले के पौधों को सहारा दें।
7. पशुपालक – पशुओं को पेड़ के नीचे या खुले में न बांधें, सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें। सूखा चारा और साफ पानी का इंतजाम रखें।
इधर किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम और कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ परदेशी ने सभी विभागीय अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।