रायपुर, 26 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में इलाज के लिए आर्थिक मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे जरूरतमंदों को तुरंत मदद दी। मुख्यमंत्री ने आर्थिक दिक्कतों के कारण इलाज नहीं करा पा रहे तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपए की मदद के चेक दिए। मुख्यमंत्री की इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को इलाज कराने में राहत मिली है।

जनदर्शन में रायपुर से अपने सात साल के बेटे मोहम्मद आवान के इलाज के लिए मदद मांगने पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री को अपनी आर्थिक परेशानियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से पीड़ित है और उसकी नियमित थेरेपी में हर महीने लगभग 40 हजार रुपए खर्च आता है। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद उनके पास इस समय रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाने के साथ बच्चे की थेरेपी का खर्च उठाना उनके लिए बहुत मुश्किल हो गया है। मुख्यमंत्री ने पिता की व्यथा संवेदनशीलता के साथ सुनी और बच्चे की थेरेपी के लिए तुरंत 40 हजार रुपए की आर्थिक मदद का चेक दिया। मुख्यमंत्री ने आवान के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मदद से आर्थिक दिक्कत झेल रहे परिवार को बच्चे की थेरेपी जारी रखने में मदद मिलेगी।

इसी तरह पाटन से जनदर्शन में पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी बीमारी से पीड़ित हैं और आर्थिक दिक्कतों के कारण इलाज नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आर्थिक मदद का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर इलाज के लिए तुरंत 10 हजार रुपए का चेक दिया। रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के इलाज के लिए भी मुख्यमंत्री ने आर्थिक मदद दी। मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपए की मदद का चेक सौंपा।

You Missed