Screenshot

रायपुर, 26 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के कोने-कोने से पहुंचे आम नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ सुनीं। इस दौरान कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के ग्राम भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय बुजुर्ग परसराम राठौर अपने बेटे सोमनाथ राठौर के साथ अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे।

परसराम राठौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पिछले लगभग 30 वर्षों से सुनने की समस्या से जूझ रहे हैं। इस कारण उन्हें सामान्य बातचीत और रोजमर्रा के कामकाज में लगातार दिक्कत हो रही थी। सुनने में दिक्कत देखकर मुख्यमंत्री ने उनसे बड़ी आत्मीयता से बात की और उनकी पूरी बात धैर्य से सुनी। मुख्यमंत्री ने बुजुर्ग का हालचाल पूछा और कहा, “बाबा, चिंता मत कीजिए, अब आपको सुनने में परेशानी नहीं होगी। आपकी समस्या का समाधान यहीं किया जाएगा।” उन्होंने यह भी पूछा कि क्या उन्हें देखने में भी कोई तकलीफ है। बुजुर्ग ने आंखों की कमजोरी की बात बताई, तब मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को श्रवण यंत्र के साथ चश्मा भी देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर परसराम राठौर को तुरंत श्रवण यंत्र और चश्मा दिया गया। श्रवण यंत्र लगते ही उन्हें साफ आवाजें सुनाई देने लगीं। लंबे समय बाद साफ सुन पाने पर खुश हुए बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा, “अब मुझे सब कुछ अच्छी तरह सुनाई दे रहा है। इतने वर्षों बाद इतनी साफ आवाज सुनकर बहुत अच्छा लग रहा है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी बहुत बड़ी समस्या दूर कर दी।” उनके बेटे सोमनाथ राठौर ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।

इसी जनदर्शन में सुनने की समस्या को लेकर भाटापारा के नेहरू वार्ड निवासी बलवंत सिंह यादव ने भी मुख्यमंत्री को आवेदन देकर श्रवण यंत्र और दिव्यांगता प्रमाण पत्र देने की मांग की। यादव ने बताया कि उन्हें दाएं कान से कम सुनाई देता है और बाएं कान में भी दिक्कत है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रवण यंत्र दिया और दिव्यांगता प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए।

You Missed