रायपुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने राजिम कुंभ कल्प-2026 की तैयारियों को लेकर नवा रायपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मूलभूत व्यवस्थाएं तय समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री अग्रवाल ने पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, पार्किंग, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र के प्रवेश मार्गों की मरम्मत, साफ-सफाई, अस्थायी शौचालयों, चिकित्सा शिविरों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक कंट्रोल और सुरक्षा को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।
इसके पश्चात मंत्री श्री अग्रवाल ने मेला स्थल का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम और पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों की प्रभावी तैनाती के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, मोबाइल मेडिकल यूनिट और प्राथमिक उपचार केंद्रों की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा गया। मंत्री ने बताया कि 1 से 15 फरवरी तक गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर आयोजित होने वाला यह विशाल धार्मिक आयोजन गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ संपन्न किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मुख्य मंच डोम, संत समागम स्थल सहित अन्य व्यवस्थाओं पर कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो चुका है। मंत्री श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ सभी कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। समीक्षा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, जल प्रबंधन, सड़कों की स्थिति, पार्किंग, बस संचालन, संतों के विश्राम गृह, कांवड़ियों के लिए शेड, चिकित्सा केंद्र, भोजन व्यवस्था, दाल-भात केंद्र, पेयजल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भक्ति संगीत, लोकनृत्य, अखाड़ा जुलूस और मीना बाजार सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प-2026 छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देगा और इसे गरिमा, दिव्यता और भव्यता के साथ आयोजित करना शासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान विधायक रोहित साहू, गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।