रायपुर, 14 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा को बड़ा बढ़ावा मिलने जा रहा है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग यानी NMC ने राज्य के 5 नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की अनुमति दे दी है। हर कॉलेज में 50-50 एमबीएस सीटें होंगी। इस तरह प्रदेश में कुल 250 नई एमबीएस सीटें बढ़ जाएंगी। नए मेडिकल कॉलेज गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी(जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम में खुलेंगे। ये सभी कॉलेज रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति स्वास्थ्य विज्ञान एवं आयुष विश्वविद्यालय से जुड़े होंगे।
NMC के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने आवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट और सभी दस्तावेजों की जांच के बाद इन कॉलेजों को “लेटर ऑफ परमिशन” यानी LOP जारी किया है। इसके साथ ही 2026-27 सत्र से इनमें प्रवेश की प्रक्रिया का रास्ता साफ हो गया है। NMC ने यह भी कहा है कि कॉलेजों को भवन, अस्पताल, डॉक्टर-प्रोफेसर, उपकरण और मरीजों की सुविधा जैसे सभी नियमों का पालन लगातार करना होगा। जांच में कमी मिलने पर कार्रवाई की जा सकती है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, यह केवल नए संस्थानों की स्थापना नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने और दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की मजदूर नींव रखने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नए कॉलेजों से प्रदेश में डॉक्टर बनने के मौके बढ़ेंगे। साथ ही गीदम, कुनकुरी जैसे दूर इलाकों में भी स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।