रायपुर, 1 अगस्त 2026। गरीब और जरूरतमंद लोगों को फ्री इलाज देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफलाइन एक्सप्रेस नाम की खास ट्रेन सूरजपुर जिले में आ रही है। जिले के विश्रामपुर रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म नंबर-02 पर 16 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में रोज सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक ओपीडी सेवाएं संचालित होंगी। आवश्यकता अनुसार मरीजों की निःशुल्क जांच और सर्जरी भी की जाएगी।
इस खास शिविर में एक्सपर्ट चिकित्सकों द्वारा आंखों की जांच, मोतियाबिंद सर्जरी, कान की जांच एवं सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी (कटे-फटे होंठ, जलने के बाद उत्पन्न संकुचन), दांतों की जांच, उपचार और महिलाओं के लिए स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की जांच और स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। खास तौर पर 18 साल से कम आयु के बच्चों के मुड़े हुए हाथ-पैर की जांच और सर्जरी निःशुल्क की जाएगी, जिससे दिव्यांगता या जन्मजात विकृति से प्रभावित बच्चों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
आंखों की ओपीडी : 16 से 21 अगस्त
मोतियाबिंद सर्जरी : 17 से 22 अगस्त
कान की ओपीडी : 22 से 27 अगस्त
कान की सर्जरी : 23 से 28 अगस्त
मुड़े हुए हाथ-पैर एवं प्लास्टिक सर्जरी की ओपीडी : 28 से 31 अगस्त
सर्जरी : 29 अगस्त से 1 सितंबर
दंत जांच एवं उपचार : 1 से 5 सितंबर
स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग : 16 से 21 अगस्त तक होगी।
कलेक्टर रेना जमील के निर्देश में जिला प्रशासन द्वारा लाइफलाइन एक्सप्रेस के सफल संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत, ग्रामीण विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग को साथ मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। गाँव के पंचायतों के सरपंच, पंच, मितानिन, सखी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उनका पंजीयन कराने और उपचार के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतम नागरिक इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठा सकें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए आवश्यकता अनुसार अपना पंजीयन कराएं और ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक इस स्वास्थ्य शिविर की जानकारी पहुंचाएं। शिविर में आने वाले मरीजों को आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। भर्ती मरीजों के साथ केवल एक सहयोगी को रहने की अनुमति दी जाएगी। ज्यादा जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर (7039673973) भी जारी किया गया हैं।