रायपुर, 20 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के शहरों को साफ, सुंदर, हरा-भरा और सुविधाओं से भरपूर बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में मिशन अमृत 2.0 के तहत अहिवारा, मुंगेली और कांकेर नगर पालिका क्षेत्रों में आधुनिक पार्क बनाए जाएंगे। तीनों पार्कों के निर्माण के लिए कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश के शहरों में लोगों को बेहतर और सुविधाओं से भरा जीवन देना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

शहरों में ऐसे सार्वजनिक स्थल बनाए जा रहे हैं, जहां हरियाली और साफ वातावरण के साथ बच्चों को खेलने, युवाओं और बुजुर्गों को व्यायाम, टहलने और आराम करने की बेहतर सुविधाएं मिल सकें। नए पार्कों का बनना इसी सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मिशन अमृत 2.0 के तहत मंजूर इन पार्कों को एक साल के अंदर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अहिवारा, मुंगेली और कांकेर में बनने वाले इन पार्कों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे। बड़े पैमाने पर पौधे लगाने के साथ-साथ अलग-अलग उम्र के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पार्कों में बच्चों के लिए खेलने की जगह और झूले, युवाओं और अन्य लोगों के लिए ओपन जिम, टहलने के लिए पाथवे, बैठने और आराम करने के लिए जगह, लाइट की व्यवस्था, टॉयलेट ब्लॉक और गज़ेबो जैसी सुविधाएं होंगी। पर्यावरण की सुरक्षा और पानी को बचाने के लिए वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जाएगी। बनने के बाद पार्कों की बेहतर देखरेख पर भी खास ध्यान दिया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद पांच साल तक इन पार्कों की देखरेख और संचालन चुनी गई निर्माण एजेंसी द्वारा किया जाएगा। इससे पार्कों में लगी हरियाली, निर्माण और सुविधाओं की नियमित देखरेख सुनिश्चित होगी।

अहिवारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-01 स्थित शीतला मंदिर क्षेत्र में 0.52 एकड़ जमीन पर आधुनिक पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। पार्क परिसर में करीब 2,115 पौधे लगाए जाएंगे। यहां सोलर लाइट की व्यवस्था के साथ बच्चों के लिए खेलने की जगह, युवाओं और अन्य लोगों के लिए ओपन जिम, बैठने और आराम करने के लिए जगह और आने-जाने के लिए पाथवे बनाया जाएगा। टॉयलेट ब्लॉक और गज़ेबो के निर्माण के साथ वर्षा जल संचयन की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुंगेली नगर पालिका के पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ क्षेत्र में पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। तीनों परियोजनाओं में क्षेत्रफल के हिसाब से यह सबसे बड़ा पार्क होगा। यहां लगभग 4,453 पौधे लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए खेलने की जगह और झूले, लोगों के लिए ओपन जिम और बैठने की सुविधा और टहलने के लिए पाथवे बनाए जाएंगे। टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और पर्याप्त लाइट व्यवस्था के साथ पानी को बचाने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर भी बनाया जाएगा।

कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक-09 श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ जमीन पर पार्क बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। यहां करीब 2,164 पौधे लगाए जाएंगे। लोगों के बैठने और आराम करने के लिए जगह, बच्चों के लिए खेलने के उपकरण, स्वास्थ्य और व्यायाम के लिए ओपन जिम और टहलने के लिए पाथवे बनाया जाएगा। पार्क में सोलर लाइट, टॉयलेट ब्लॉक और गज़ेबो की सुविधा के साथ वर्षा जल संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया जाएगा।