रायपुर, 20 अगस्त 2026। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे के बाद कई दिनों से चलाया जा रहा राहत और बचाव अभियान आखिरकार पूरा हो गया है। रेस्क्यू टीमों ने टनल में फंसे आखिरी लापता श्रमिक का शव भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही टनल में फंसे सभी श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है। इस दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के चार मजदूरों की मौत हुई है, जबकि प्रदेश के दो मजदूर घायल हुए हैं। दोनों घायलों का उपचार जारी है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 4 मजदूरों के निधन पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतक मजदूरों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और हादसे में घायल दोनों मजदूरों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश दिए हैं। इस हादसे में कोंडागांव जिले के ग्राम धनसुली के 2, मदनार के 1 और दहीकोंगा के 1 मजदूर की मौत हुई है, जबकि जिले के 2 मजदूर घायलबी हुए हैं। मृतक मजदूरों के शव कोंडागांव लाए गए, जहां परिवार की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस दुख की घड़ी में शोक में डूबे परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता से खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से मृत आत्माओं की शांति और शोक में डूबे परिवारों को ये बड़ा दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। उन्होंने हादसे में घायल दोनों मजदूरों के जल्द ठीक होने की भी कामना की है।

You Missed