रायपुर, 19 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर के मेफेयर में बालको मेडिकल सेंटर द्वारा आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कैंसर आज पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य समस्या है। कैंसर का नाम सुनते ही मरीज के साथ पूरा परिवार चिंता में आ जाता है। बीमारी का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं, बल्कि मानसिक, पारिवारिक और आर्थिक स्थिति पर भी पड़ता है। इसलिए कैंसर के इलाज में हर पहलू को देखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि जब डॉक्टर प्यार और संवेदनशीलता से मरीज से जुड़ते हैं, तो वो सिर्फ बीमारी का इलाज नहीं करते, बल्कि मरीज और उसके परिवार के लिए भरोसे और हिम्मत का सहारा भी बनते हैं। मेडिकल साइंस में तरक्की के साथ-साथ इंसानियत का ये भाव कैंसर के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत बनाता है। कैंसर से लड़ाई में सबसे जरूरी है बीमारी का समय पर पता चलना। अगर शुरुआती स्टेज में कैंसर का पता चल जाए तो इलाज के सफल होने के मौके काफी बढ़ जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में आए विशेषज्ञों से कहा कि वे ऐसी नई तकनीकों, रिसर्च और उपायों पर चर्चा करें, जिससे कैंसर का जल्दी पता चल सके और इलाज सस्ता, आसान और आम लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव डॉक्टरों के अनुभव, रिसर्च और नई खोजों को साझा करने का अच्छा मौका हैं। यहां होने वाली चर्चा आने वाले समय की स्वास्थ्य नीतियों और इलाज के तरीकों को नई दिशा देगी।
बता दें कि छत्तीसगढ़ को आधुनिक इलाज का बड़ा केंद्र बनाने के लिए नवा रायपुर में लगभग 100 एकड़ जमीन पर 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी बनाई जा रही है। यह प्रोजेक्ट प्रदेश में विशेषज्ञ और सुपर स्पेशियलिटी इलाज की सुविधाओं को बढ़ाने में बहुत महत्वपूर्ण साबित होगा।मेडिसिटी बनने से प्रदेश के लोगों को अत्याधुनिक इलाज की सुविधा ज्यादा मिलेगी और छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
‘Restoring Balance to Cancer Care’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में देश-विदेश के बड़े डॉक्टर, कैंसर विशेषज्ञ, रिसर्चर और स्वास्थ्य क्षेत्र के जानकार कैंसर से बचाव, जांच, इलाज, रिसर्च और मेडिकल क्षेत्र में हो रही नई खोजों पर चर्चा कर रहे हैं। कॉन्क्लेव में 200 से ज्यादा राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इस साल महिला संबंधी कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर पर खास तौर पर चर्चा हो रही है।
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री ने कैंसर जागरूकता, शुरुआती पहचान, जांच और इलाज की नई तकनीकों से जुड़े अलग-अलग स्टॉल देखे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सर्वाइकल कैंसर खत्म करने की योजना की भी शुरुआत की। विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रतिनिधियों से आधुनिक तकनीकों के काम करने के तरीके, कैंसर का समय रहते पता लगाने में उनकी उपयोगिता और इलाज के क्षेत्र में हो रही नई रिसर्च और खोजों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विशेषज्ञों से कैंसर की जांच और इलाज में उभर रही नई संभावनाओं पर भी बात की।