रायपुर, 01 सितंबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलकर लौटे छत्तीसगढ़ के होनहार छात्रों और शिक्षकों ने आज राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। छात्रों ने मुख्यमंत्री को राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति महोदया के साथ हुई बातचीत के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना बहुत गर्व की बात है। हमारे छात्रों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से प्रदेश का नाम रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने छात्रों से बात करते हुए उनकी यात्रा के बारे में पूछा। छात्रों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलना उनके जीवन का सबसे यादगार पल था। राष्ट्रपति महोदया ने उनसे बड़े ही प्यार और अपनापन से बात की और उनकी पढ़ाई, पसंद और भविष्य के सपनों के बारे में जाना। छात्रों ने राष्ट्रपति भवन घूमने के अपने अनुभव भी मुख्यमंत्री को बताए। साय ने कहा कि हमारे बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अगर उन्हें सही मौका, सहारा और मंच मिले तो वे हर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ का नाम ऊंचा कर सकते हैं। ऐसे मौके छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उनके सपनों को नई उड़ान देते हैं। उन्होंने छात्रों से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें पाने के लिए मेहनत करने को कहा।

बता दें कि रक्षाबंधन के मौके पर छत्तीसगढ़ के होनहार छात्रों और शिक्षकों को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मिलने का खास मौका मिला था। इस दौरान राष्ट्रपति महोदया ने छात्रों से प्यार से बात की। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की तारीफ की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस मुलाकात का सबसे भावुक और यादगार पल तब आया, जब राष्ट्रपति ने CWSN (विशेष आवश्यकता वाले बच्चे) छात्र नुकेश कुमार वर्मा को खुद राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह प्यार भरा व्यवहार नुकेश और वहां मौजूद सभी छात्रों और शिक्षकों के लिए जिंदगी भर याद रहने वाली याद बन गया।

इस मौके पर राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। छात्राओं ने प्रदेश के पारंपरिक सुवा नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा और गीत-संगीत से सजी इस प्रस्तुति ने सबका दिल जीत लिया। राष्ट्रपति ने प्रस्तुति पर खुशी जताई और छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की तारीफ की। राष्ट्रपति से मिलने वाले छात्रों में नारायणपुर जिले की राजवती पोयाम, सुकमा जिले के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग जिले की पायल राजानी, महासमुंद जिले की रागनी साहू, रायपुर जिले के नुकेश कुमार वर्मा और महासमुंद जिले के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।

You Missed