रायपुर, 17 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति दिल से आभार जताते हुए लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को लगातार नई ऊर्जा और दिशा देता रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के द्वारा उनके लेख के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, खासकर बस्तर में आए बदलाव और विकसित भारत के निर्माण में प्रदेश की भूमिका को रेखांकित किए जाने पर आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा है कि प्रधानमंत्री का स्नेह और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को हमेशा मिलता रहा है। उनके विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ पूरी प्रतिबद्धता के साथ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और देश की तरक्की में अपना मजबूत योगदान देता रहेगा। बता दें है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री साय के लेख को साझा करते हुए छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा और खास तौर पर बस्तर में आए बदलाव को रेखांकित किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा इस बात का बड़ा उदाहरण है कि आज देश की तरक्की केवल महानगरों और बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। बस्तर में आया बड़ा बदलाव इसकी जीवंत तस्वीर है और यह बताता है कि विकास की मुख्यधारा से जुड़कर आदिवासी समाज भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मुख्यमंत्री के लेख का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका को विस्तार से बताया गया है। CM साय ने अपने लेख में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 सालों की यात्रा को सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ते हुए गुजरात के पुनर्निर्माण से लेकर विकसित भारत के बड़े लक्ष्य तक की यात्रा का उल्लेख किया है। उन्होंने लिखा है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास की सोच गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और आदिवासी समाज की आकांक्षाओं से जुड़ी है।

लेख में छत्तीसगढ़ और खास तौर पर बस्तर में हो रहे बदलाव का जिक्र करते हुए कहा है कि कभी हिंसा और पिछड़ेपन के कारण चुनौतियों से जूझने वाला बस्तर आज शांति, विकास, पर्यटन और नई संभावनाओं की ओर आगे बढ़ रहा है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार से दूर-दराज के आदिवासी इलाके भी विकास की मुख्यधारा से तेजी से जुड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने लेख के माध्यम से यह संकल्प जताया है कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा और मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण के महायज्ञ में पूरी ताकत और क्षमता के साथ अपना योगदान देगा। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के बीते 25 साल सेवा और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं और आने वाला समय विकसित भारत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का है।

You Missed