रायपुर 27 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कैम्प कार्यालय बगिया में ‘साइंस ऑन व्हील्स’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विज्ञान को स्कूलों और विद्यार्थियों के और करीब ले जाने वाली यह चलती-फिरती विज्ञानशाला बच्चों को रोचक प्रयोगों, वैज्ञानिक मॉडलों और गतिविधियों के जरिए विज्ञान और तकनीक की दुनिया से परिचित कराएगी। खास तौर पर आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों की कमी वाले क्षेत्रों के विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में स्वाभाविक रूप से अपने आसपास की दुनिया को जानने और समझने की जिज्ञासा होती है। इस जिज्ञासा को वैज्ञानिक सोच, प्रयोग और नए विचारों से जोड़ना जरूरी है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ बच्चों को किताबों में पढ़े विज्ञान को प्रयोगों के जरिए समझने का मौका देगी। इससे उनमें सवाल पूछने, प्रयोग करने और समस्याओं का वैज्ञानिक हल खोजने की आदत विकसित होगी।

‘साइंस ऑन व्हील्स’ की खासियत यह है कि इसमें विज्ञान को सिर्फ किताबी जानकारी तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि विद्यार्थियों को खुद प्रयोग करने और गतिविधियों में भाग लेने का मौका मिलेगा। वाहन के जरिए स्कूलों तक वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और प्रदर्शनियां पहुंचाई जाएंगी। इससे विद्यार्थी विज्ञान के अलग-अलग सिद्धांतों को आसान और रोचक तरीके से समझ सकेंगे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मुख्य रूप से चार महत्वपूर्ण मॉड्यूल से जोड़ा जाएगा। अंतरिक्ष तकनीक के जरिए उन्हें ब्रह्मांड और अंतरिक्ष विज्ञान की रोचक दुनिया से परिचित कराया जाएगा। रोबोटिक्स के जरिए नई तकनीकों, नवाचार और भविष्य के तकनीकी कौशल की समझ विकसित की जाएगी। सतत विकास मॉड्यूल विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के सही उपयोग और बेहतर भविष्य के निर्माण के प्रति जागरूक करेगा। वहीं जल निस्पंदन के जरिए स्वच्छ जल, जल संरक्षण और इससे जुड़े वैज्ञानिक समाधानों को प्रयोगों के जरिए समझाया जाएगा।

‘साइंस ऑन व्हील्स’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को सिर्फ एक बार विज्ञान के प्रयोग दिखाना नहीं, बल्कि विज्ञान, नवाचार और तकनीक के प्रति उनमें स्थायी रुचि पैदा करना है। अलग-अलग गतिविधियों, प्रयोगों, मॉडलों और प्रदर्शनियों के जरिए बच्चों को ऐसा सीखने का अनुभव दिया जाएगा, जो उन्हें खुद सवाल पूछने, उनके जवाब तलाशने और नए विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित करे।

बता दें कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग की पहल के तहत इस परियोजना को सहयोग दिया जा रहा है। ‘साइंस ऑन व्हील्स’ एक राष्ट्रीय पहल है, जिसे छत्तीसगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में प्लक्ष विश्वविद्यालय, IDYM फाउंडेशन और IIT मंडी के सहयोग से लागू किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इस पहल के जरिए विज्ञान की व्यावहारिक शिक्षा को विद्यार्थियों के और करीब लाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवा मन में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ उन्हें नई तकनीक और नवाचार से जोड़ना और ज्ञान और विज्ञान के जरिए सशक्त भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के लिए तैयार करना है।

You Missed