रायपुर 14 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर शहर के खरसिया चौक में सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को हो रही परेशानी के वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर बात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने तुरंत सड़क का निरीक्षण कर जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश कलेक्टर को दिए। मुख्यमंत्री ने खरसिया चौक की सड़क में बड़े गड्ढों को भरने, सड़क को समतल करने और पानी की निकासी की व्यवस्था ठीक करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां गाड़ियों का दबाव ज्यादा है, वहां पुलिस और यातायात विभाग के साथ मिलकर सुरक्षित और सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने जिलों में बन रही सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखें, जरूरत के अनुसार खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करें और संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के साथ मिलकर सड़कों को चलने लायक बनाए रखना सुनिश्चित करें। सभी जिला कलेक्टरों से कहा है कि बारिश के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए। जहां सड़क खराब होने, निर्माण कार्य, पुल-पुलिया के आसपास कटाव, जलभराव या किसी अन्य कारण से आवागमन में दिक्कत हो या हादसे का डर हो, वहां तुरंत सुरक्षा के उपाय किए जाएं। जरूरत के अनुसार चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और सुरक्षित वैकल्पिक यातायात व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि बरसात के दौरान किसी भी क्षेत्र में सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं या बारिश के कारण सड़कें खराब हुई हैं, वहां गड्ढों को भरने, समतल करने, पानी की निकासी सहित सभी जरूरी अस्थायी सुधार कार्य प्राथमिकता से किए जाएं। स्थायी निर्माण में मौसम की दिक्कत होने पर भी सड़क को चलने लायक बनाए रखने के लिए हर जरूरी उपाय किया जाए। चाहे राष्ट्रीय राजमार्ग हो, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय या किसी अन्य एजेंसी की सड़क हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ बेहतर तालमेल बनाकर समस्या का जल्द समाधान सुनिश्चित करे। कलेक्टर अपने जिले में ज्यादा ट्रैफिक वाली मुख्य सड़कों और निर्माणाधीन रास्तों को चिन्हित कर उनकी स्थिति की नियमित समीक्षा करें।
इसके अलावा बरसात खत्म होते ही निर्माणाधीन और स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाई जाए। निर्माण एजेंसियों के साथ कार्ययोजना बनाकर सड़क निर्माण और स्थायी मरम्मत के काम गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्यों के कारण लोगों को लंबे समय तक परेशानी न हो, इसके लिए निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए समय पर काम पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।