रायपुर, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री आज पत्रकारों से चर्चा के दौरान धान खरीदी और किसानों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की खुशहाली और आर्थिक समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। प्रदेश के अन्नदाता किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम देने के साथ ही धान खरीदी की व्यवस्था को ज्यादा सुविधाजनक और पारदर्शी बनाया जा रहा है। राज्य सरकार ने इस साल किसानों के हित में ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिसके तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी तय सीमा तक अंतर की राशि का लाभ दिया जाएगा। इससे कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी आर्थिक फायदा मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे देश में छत्तीसगढ़ के किसानों को जिस तरह आर्थिक लाभ दिया जा रहा है, वैसा लाभ किसी दूसरे राज्य के किसानों को नहीं मिल रहा है। हमारी सरकार किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उन्हें ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचाने के लिए लगातार फैसले ले रही है। धान खरीदी की व्यवस्था ऐसी हो कि किसानों को कोई परेशानी न हो और ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं उन्हें घर बैठे मिल सकें, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक बहुत अहम और ऐतिहासिक फैसला लिया है। छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों में प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं होता। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में खेती की परिस्थितियां और उत्पादन क्षमता भी अलग-अलग है। ऐसे में कम उत्पादन करने वाले किसानों को भी तय सीमा तक अंतर की राशि का लाभ देने का फैसला उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा, मैं स्वयं किसान का बेटा हूं और खेती-किसानी की परिस्थितियों को अच्छी तरह समझता हूं। इसलिए हमारी सरकार ने फैसला लिया है कि जो किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, उन्हें भी 21 क्विंटल की तय सीमा तक अंतर की राशि उनके खातों में दी जाएगी। हमारी सरकार चाहती है कि प्रदेश का कोई भी किसान कम उत्पादन के कारण इस लाभ से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिले, खेती लाभकारी बने और गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत हो, इसी उद्देश्य से सरकार नीतिगत फैसले ले रही है। हमारी सरकार के लिए किसानों का हित सबसे ऊपर है। धान खरीदी से लेकर आर्थिक मदद और सुविधाओं के विस्तार तक हर स्तर पर किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। अन्नदाता की समृद्धि ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

You Missed