रायपुर, 27 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ और छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रकाशन से जुड़े सभी साहित्यकारों, संपादकीय टीम और छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी सिर्फ बोलचाल की भाषा नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, लोकजीवन और पीढ़ियों से संजोई गई परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति है। हमारी लोककथाओं, लोकगीतों, तीज-त्योहारों और सामाजिक रीति-रिवाजों में छत्तीसगढ़ी की आत्मीयता रची-बसी है। इस समृद्ध भाषाई विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ छत्तीसगढ़ी साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने का अहम माध्यम बनेगी, वहीं पंचांग ‘बछर’ हमारी पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि ये दोनों प्रकाशन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करेंगे और प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की सभी क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों और लोक परंपराओं की रक्षा और उन्हें बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ाव ही हमारी पहचान को मजबूत बनाता है और आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखता है।

You Missed