रायपुर, 14 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में कई अहम फैसले लिए गए हैं। इनमें नवा रायपुर क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को लीज पर देने का फैसला लिया गया है। इससे प्रदेश में राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय मैचों के आयोजन और खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीदी जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, “मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस” की दिशा में कदम उठाते हुए विभागों के विलय को मंजूरी दी गई।
कैबिनेट ने ‘पीएम अन्नदाता आय संरक्षण अभियान’ (PSS) के तहत खरीफ व रबी मौसम में दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जारी रखने का फैसला किया है। इसके तहत अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन, चना, सरसों व मसूर की खरीदी की जाएगी। इसके साथ ही, 2025-26 के लिए राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए पिछले साल की 15,000 करोड़ की शासकीय गारंटी का पुनः प्रमाणीकरण किया गया है। साथ ही विपणन संघ को 11,200 करोड़ रुपये की अतिरिक्त गारंटी भी मंजूर की गई है।
EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) व LIG (निम्न आय वर्ग) के अविक्रीत मकानों को लेकर फैसला हुआ कि 3 बार विज्ञापन देने के बाद भी यदि वे नहीं बिकते हैं, तो उन्हें किसी भी आय वर्ग के व्यक्ति को बेचा जा सकेगा। हालांकि, ऐसे हितग्राही को शासन द्वारा अनुदान की पात्रता नहीं होगी। इसके अलावा, ‘बल्क परचेज’ (Bulk Purchase) की भी अनुमति दी गई है, यानी कोई व्यक्ति या संस्था एक से अधिक मकान भी खरीद सकेगी।