रायपुर, 22 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस की नीतियों और संगठन के भीतर चल रही खींचतान को लेकर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले में पथराव से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इससे पहले वे पंजाब के प्रभारी थे, जहां उनका विरोध हुआ। अब वे पहली बार असम में प्रभारी बनकर गए हैं और वहां भी उनका विरोध सामने आया है। कांग्रेस को देखना चाहिए कि आखिर उसके अपने संगठन के भीतर क्या हो रहा है और उसके नेताओं को अपने ही लोगों के बीच विरोध और अपमान का सामना क्यों करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। वह जनता से जो वादे करती है, उन्हें पूरा नहीं करती। यही कारण है कि जनता का कांग्रेस से लगातार विश्वास उठा है। छत्तीसगढ़ की जनता ने भी कांग्रेस के पांच साल के शासन को देखा और उसके बाद अपना साफ फैसला दिया। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई। इसके बाद लोकसभा चुनाव और नगरीय निकाय तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भी जनता ने कांग्रेस को नकार दिया।

उन्होंने कहा कि जनता सिर्फ वादों पर नहीं, बल्कि काम और नतीजों के आधार पर अपना फैसला करती है। कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। अपने ही नेताओं के बीच विरोध, आपसी लड़ाई और नाराजगी की जो स्थितियां सामने आ रही हैं, कांग्रेस को पहले उनका समाधान करना चाहिए।