रायपुर 17 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का अपनी मिट्टी और खेती-किसानी से गहरा जुड़ाव आज फिर देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सुबह जशपुर जिले के अपने गृहग्राम बगिया में खेत पहुंचे और पारंपरिक तरीके से बैलों की जोड़ी के साथ हल चलाकर बियासी की। खेत में उतरकर हल पकड़ते ही मुख्यमंत्री  एकदम किसान जैसे लग रहे थे। इस दौरान उन्होंने खेती से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी सबके साथ साझा कीं।

मुख्यमंत्री ने हरे-भरे खेत में मिट्टी की खुशबू और बैलों के साथ खेती करते हुए कहा कि अपने गांव, अपनी मिट्टी और अपने खेत से जुड़ने का सुख ही अलग होता है। हल पकड़ते ही खेती-किसानी की पुरानी यादें फिर से ताजा हो जाती हैं। खेतों में बिताया समय मन को बहुत शांति देता है और नई ताकत भी देता है। उन्होंने कहा कि मैं खुद किसान परिवार से हूं और बचपन से खेती को बहुत करीब से देखा और समझा है। मेरे लिए खेती सिर्फ कमाई का जरिया नहीं है, बल्कि ये जीवन का संस्कार है। गांव और खेतों ने ही मुझे मेहनत की इज्जत करना, प्रकृति के साथ मिलकर चलना और अपनी जड़ों से जुड़े रहना सिखाया है।

उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक समय में भी अपनी परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है। खेती हमें मेहनत, धैर्य और प्रकृति की कदर करना सिखाती है। किसान खेत में सिर्फ फसल नहीं उगाता, बल्कि अपनी मेहनत से पूरे समाज और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत करता है। छत्तीसगढ़ की मिट्टी, हमारी कृषि परंपरा और हमारे मेहनती अन्नदाता किसान हमेशा मेरे दिल के सबसे करीब हैं। किसानों की खुशहाली और खेती का बढ़ना ही प्रदेश की तरक्की की असली नींव है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों की खुशहाली की कामना की हैं।

You Missed