रायपुर, 18 अगस्त 2026। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय संगठन का विस्तार करते हुए नई पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की 69 सदस्यीय इस नई टीम में छत्तीसगढ़ के दो वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। महासमुंद से सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी दी गई हैं।

छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाए जाने को प्रदेश संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पार्टी के भीतर इसे राज्य में संगठनात्मक मजबूती और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत साल 2005 में जिला पंचायत सदस्य के रूप में की थी। इसके बाद 2013 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसना सीट से जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में कदम रखा। लंबे समय तक पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद, इस नई नियुक्ति के जरिए उन्हें केंद्रीय संगठन में महिला सशक्तीकरण की कमान दी गई है।

वहीं, वर्तमान में छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को पार्टी के आईटी और मीडिया प्रबंधन में एक कुशल रणनीतिकार माना जाता है। दीपक म्हस्के 2014 और 2018 के चुनावों के दौरान छत्तीसगढ़ भाजपा आइटी सेल के प्रदेश संयोजक रह चुके हैं। राज्य में हाईटेक काल सेंटर, ऑडियो-ब्रिज तकनीक और बूथ स्तर पर वाट्सएप वालंटियर नेटवर्क को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही है।

नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं। भाजपा की नई टीम में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा सहित कई नेताओं के नाम शामिल हैं। राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।