रायपुर, 18 अगस्त 2026। बच्चों के अच्छे स्वास्थ्य, सही पोषण और उनकी सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शिशु संरक्षण माह की शुरुआत की गई। जिला अस्पताल जशपुर में हुए कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव सिंह और डॉ. गीतांजलि तिवारी ने बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। ये अभियान 18 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक चलेगा।
शिशु संरक्षण माह के दौरान हर मंगलवार और शुक्रवार को वी.एच.एन.डी. सत्र लगाए जाएंगे। इस अभियान में 9 महीने से 5 साल तक के बच्चों को विटामिन-ए और 6 महीने से 5 साल तक के बच्चों को आई.एफ.ए. सिरप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ विटामिन-ए पिलाने का कार्यक्रम नहीं है। इसका मकसद बच्चों की जान बचाना और उनके पूरे स्वास्थ्य व पोषण को बेहतर बनाना है। इसके लिए कई स्वास्थ्य और पोषण की सेवाओं को एक साथ दिया जाएगा।
अभियान के दौरान तय उम्र के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक के साथ आई.एफ.ए. सिरप की एक बोतल भी दी जाएगी। इसके साथ ही छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण, वजन जांच, पोषण की सलाह और उम्र के हिसाब से संतुलित और पौष्टिक खाना खाने की जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में लगने वाले सत्रों में पात्र बच्चों को पूरक पोषण आहार भी दिया जाएगा। वहीं बहुत ज्यादा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें इलाज और पोषण के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाएगा।
शिशु संरक्षण माह के तहत अगस्त में 18, 21, 25 और 29 अगस्त को और सितंबर में 1, 5, 8, 11, 16, 18, 21 और 24 सितंबर को सत्र लगेंगे। इन सत्रों में बच्चों को विटामिन-ए और आयरन सिरप देने के साथ उनका वजन भी लिया जाएगा। उम्र और लंबाई के हिसाब से कम वजन वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें जरूरत के अनुसार 14 दिन के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कर इलाज और पोषण दिया जाएगा। केंद्र में भर्ती होने पर बच्चे की मां को मजदूरी की भरपाई राशि भी दी जाएगी।
जिले में कुल 2766 सत्र लगेंगे। इसमें पत्थलगांव में 485, फरसाबहार में 360, कांसाबेल में 288, बगीचा में 630, कुनकुरी में 320, दुलदुला में 129, लोदाम में 324 और मनोरा में 230 सत्र शामिल हैं। अभियान के तहत जिले में कुल 78,370 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने का लक्ष्य है। स्वास्थ्य विभाग ने माता-पिता से अपील की है कि वे तय तारीखों पर अपने पात्र बच्चों को नजदीकी वी.एच.एन.डी. सत्र में ले जाएं और विटामिन-ए, आयरन सिरप, टीकाकरण, वजन जांच और पोषण की सेवाओं का फायदा जरूर लें।