रायपुर, 02 अगस्त 2026। वसुंधरा और श्री चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन मिलकर 14 अगस्त को भिलाई के महात्मा गांधी कला मंदिर सभागार में एक बड़ी वैचारिक संगोष्ठी का आयोजन कर रहे हैं। इसी कार्यक्रम में वसुंधरा सम्मान-2026 दिया जाएगा। ये सम्मान दिवंगत देवीप्रसाद चौबे की याद में समाज में जागरूकता लाने के लिए दिया जाता है।

इस साल ये सम्मान सुपरिचित पत्रकार और संस्कृतिकर्मी राजेश गनोदवाले को मिलेगा। उन्हें सांस्कृतिक और देशज पत्रकारिता में 30 साल से ज्यादा के काम के लिए ये सम्मान दिया जा रहा है। वे देशभर में कला, संगीत, रंगमंच और लोककला पर गंभीर लेखन के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के एक बड़े अखबार से पत्रकारिता शुरू की। पिछले 30 साल से वे छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिला रहे हैं।

उन्होंने भारत रत्न पं. रविशंकर, ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता विनोद कुमार शुक्ल और नाटककार हबीब तनवीर पर विस्तार से लिखा है। लोकजीवन पर आधारित उनकी 8 मोनोग्राफ/किताबें छप चुकी हैं। राजेश गनोदवाले को पहले भी कई बड़े अवॉर्ड मिल चुके हैं, जिसमें चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार, ऋतुराज सम्मान, राष्ट्रीय कला समीक्षा सम्मान, नाट्य लेखन के लिए साहित्य कला परिषद दिल्ली का मोहन राकेश राष्ट्रीय सम्मान शामिल है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विश्वेश ठाकरे करेंगे। निर्णायक समिति में लीलाधर मंडलोई, सतीश जायसवाल, डॉ. वीरेन्द्र मोहन, ई.वी. मुरली जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इससे पहले स्व. रमेश नैयर, स्व. श्यामलाल चतुर्वेदी, आशा शुक्ला, ज्ञान अवस्थी, सुधीर सक्सेना, लीलाधर मंडलोई, सतीश जायसवाल, ई.वी. मुरली समेत कई साहित्यकारों और पत्रकारों को ये सम्मान मिल चुका है।

You Missed